
चमोली। सीमांत जनपद चमोली में 13 माह तक अपनी बहुमूल्य सेवाएं देने के बाद जिलाधिकारी संदीप तिवारी का स्थानांतरण हो गया है। उनका स्थानांतरण निदेशक समाज कल्याण के पद पर हुआ है। मंगलवार को जिला कार्यालय में राजस्व विभाग समेत तमाम जिला स्तरीय अधिकारियों और कार्मिकों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।
13 माह का रहा शानदार कार्यकाल
डीएम संदीप तिवारी ने 7 सितम्बर 2024 को जनपद चमोली के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। विदाई समारोह में मौजूद अधिकारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें कुशल प्रशासक बताया और सीमांत जनपद चमोली में उनके 13 माह के कार्यकाल को ‘स्वर्णिम’ करार दिया।
सादगी और कार्यकुशलता की मिसाल
अधिकारियों ने जिलाधिकारी की सादगी और उनकी कार्यकुशलता को अविस्मरणीय बताया। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में सीमांत जनपद में अनेक नवाचार विकास कार्यों को सफलतापूर्वक जमीन पर उतारा गया। विशेष रूप से स्वास्थ्य एवं शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए। अधिकारियों ने उनकी कार्यशैली को प्रेरणादायक बताया और नई जिम्मेदारियों के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
जन सहयोग और प्यार को सराहा
जिला कार्यालय के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, जन प्रतिनिधियों और पत्रकारों ने भी जिलाधिकारी को भावपूर्ण विदाई दी। विदाई समारोह में जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने अपने सेवाकाल के दौरान अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मियों से मिले सहयोग और आम जनता के प्यार के लिए सभी का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि कार्यकाल के दौरान जिस तरह सभी का सहयोग मिला, वह हमेशा याद रहेगा। अपने अनुभवों को साझा करते हुए, जिलाधिकारी ने पूरी टीम को अपनी शुभकामनाएं दीं।