देहरादून: देहरादून के जिलाधिकारी (DM) सविन बंसल एक बार फिर अपने अनूठे अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। बुलेट पर शहर का ट्रैफिक जायजा लेने और जरूरतमंदों की मदद करने के बाद, इस बार वह किसानों के बीच खेत में पहुंचे और स्वयं धान की कटाई करते नजर आए। सुबह-सुबह दरांती लेकर डीएम को खेतों में देखकर किसान भी हैरान रह गए।
फसल कटाई प्रयोग का किया निरीक्षण
डीएम सविन बंसल शुक्रवार को तहसील देहरादून के ग्राम आर्केडियाग्रांट में धान की फसल कटाई प्रयोग (Crop Cutting Experiment) का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने किसानों के साथ मिलकर खुद खेत में धान की कटाई की।
पोर्टल पर अपलोड किया गया डाटा
यह प्रयोग फसलों के औसत उपज और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के आकलन के लिए महत्वपूर्ण है। निरीक्षण के दौरान, 43.30 वर्ग मीटर के प्लॉट में 17 किलो 500 ग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। इस प्रयोग का संपादन राजस्व उप निरीक्षक द्वारा जीसीईएस एवं सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से किया गया। खेत से ही उत्पादन के इस डाटा को तत्काल भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड किया गया।
डीएम का यह कदम न केवल किसानों का मनोबल बढ़ाने वाला है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि वह सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और फील्ड स्तर पर चल रहे कार्यों की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।